चारुवा मेले से लौट रहे दो दोस्तों की मौत:बाइक पुलिया से टकराई, एक की मौके पर, दूसरे की अस्पताल में जान गई

हरदा। जिले के छीपाबड़ थाना क्षेत्र में बीती रात एक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। ये तीनों दोस्त महाशिवरात्रि के अवसर पर ग्राम चारुवा स्थित गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक एक पुलिया से टकरा गई। छीपाबड़ थाना टीआई संतोष सिंह चौहान ने बताया कि नवोदय विद्यालय के सामने बनी पुलिया के पास उनकी बाइक एक अज्ञात ऑटो से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक पुलिया से जा भिड़ी। इस हादसे में बाइक सवार पवन पिता राधेश्याम कनारे की मौके पर ही मौत हो गई। टिमरनी के सरदार कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय पवन पिता रविशंकर भिलाला को गंभीर हालत में खिरकिया से जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। तीसरे युवक नितेश पिता विजय इंग्ले का खिरकिया अस्पताल में उपचार जारी है। टीआई चौहान ने बताया कि घायल नितेश इंग्ले की रिपोर्ट पर अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। सोमवार सुबह जिला अस्पताल में मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, मृतक पवन भिलाला की मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुई। पवन भिलाला अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता था। स्थानीय विधायक डॉ. आर.के. दोगने भी उसी रात महाशिवरात्रि के अवसर पर गुप्तेश्वर मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे को देखकर उन्होंने तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *