शिवपुरी में अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई:एक हाइवा, ट्रैक्टर जब्त, 1500 घन मीटर रेत सीज

शिवपुरी जिले में अवैध खनिज परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान एक हाइवा और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई, साथ ही लगभग 1500 घन मीटर रेत भी सीज की गई। यह कार्रवाई तीन अलग-अलग मामलों में की गई है। खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास के नेतृत्व में गठित टीम ने निवाड़ी क्षेत्र से एम-सैंड भरकर आ रहे एक हाइवा वाहन की जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि वाहन में प्रपत्र में दर्ज मात्रा से अधिक खनिज भरा हुआ था। अनियमितता सामने आने पर हाइवा को तत्काल जब्त कर थाना अमोला की सुरक्षा में खड़ा कराया गया। इसी कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी पकड़ा। इस वाहन को थनरा चौकी की अभिरक्षा में रखा गया है। कार्रवाई का तीसरा मामला ग्राम केरूआ स्थित नरवर-भितरवार मार्ग से संबंधित है। यहां शासकीय भूमि पर लगभग 1500 घन मीटर रेत का अवैध भंडारण पाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी रेत जब्त कर ली। आसपास के लोगों से पूछताछ के बावजूद भंडारणकर्ता की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी, जिसके चलते अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। खनिज विभाग ने तीनों मामलों में प्रकरण तैयार कर अर्थदंड अधिरोपित करने की कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय को भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *