दौसा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र के गीजगढ़ गांव की गढ़ का कुआं ढाणी में एक बुजुर्ग की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट के दौरान बुजुर्ग को गंभीर चोट आई थी। जिसका दौसा व जयपुर के अस्पतालों में इलाज कराया। जिसके बाद तबीयत लगातार बिगडती गई, रविवार शाम को अस्पताल में भर्ती कराने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जिला अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराया। मामले को लेकर मृतक के भतीजे ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दी है। नवम्बर में हुआ था झगडा दरअसल, 19 नवम्बर 2025 को गढ़ का कुआं ढाणी में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में झगडा हो गया था, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए थे। झगड़े में सुनिता, केशपति और रामस्वरुप घायल हो गए थे। इसे लेकर एक पक्ष के रामजीलाल ने बाबूलाल, रामसिंह, जगदीश, महेश पुत्र कल्याणसहाय समेत कई अन्य के खिलाफ रिपार्ट दर्ज कराई थी। झगड़े में आई चोट से मौत होने का दावा वहीं बुजुर्ग की मौत के मामले में पीडित पक्ष के रामजीलाल ने सिकंदरा थाना इंचार्ज के नाम दी गई रिपोर्ट में बताया कि उसके चाचा रामस्वरूप (70) 19 नवम्बर को हुए झगड़े में दूसरे पक्ष द्वारा की गई मारपीट में घायल हो गया था। जिसे गंभीर चोट आने पर दौसा व जयपुर में इलाज कराया और दवाएं चल रही थी। गंभीर चोट के कारण उसकी तबीयत बिगड़ने पर 15 फरवरी को रात 10 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां रात 2 बजे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चलेगा मामले को लेकर सिकंदरा थाना इंचार्ज अशोक चौधरी का कहना है कि जिला अस्पताल से बुजुर्ग की मौत की सूचना मिली थी। परिजनों का आरोप है कि नवम्बर 2025 में जमीनी विवाद को लेकर हुए झगड़े में आई चोट के कारण मौत हुई है। मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया है। जिसकी रिपोर्ट आने पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। उक्त मामले की जांच बांदीकुई थाना इंचार्ज कर रहे हैं।


