सबलगढ़ इलाके के टेंटरा थाना के बाबरी पुरा नहर की पुलिया से रविवार रात एक महिला कूद गई। महिला अपने ससुर और पति के साथ बाइक से ससुराल जा रही थी। तभी महिला ने अपनी चप्पल गिरने की बात कहकर पुलिया पर बाइक रुकवाई और देखते-ही-देखते नहर में छलांग लगा दी। ग्राम गौदोली हार के रहने वाले रामलखन रावत के बेटे 25 वर्षीय ध्रुव रावत की पत्नी 22 वर्षीय सुमन रावत चार दिन पहले अपने मायके से पंचायत और समाज के दबाव में ससुराल रहने आई थी। वह इस शादी से नाखुश बताई जा रही है। फिलहाल 12 घंटे से महिला की तलाश की जा रही है। बता दें कि जब महिला ने छलांग लगाई तब नहर में लगभग 2500 क्यूसिक पानी था। इस कारण सुमन लापता हो गई, जिसे रात 9 बजे से रेस्क्यू के जरिए खोजा जा रहा है लेकिन अभी 12 घंटे बिताने के बाद भी महिला कही नहीं मिली। सुबह से एसडीआरएफ ने मोर्चा संभाला है लेकिन अभी भी हाथ खाली है। बोली चप्पल गिरी पति ने ध्रुव ने बताया कि मैं, पत्नी और पिता एक साथ कैमरा कला गांव किसी देवता स्थान से वापस लौट रही थी और एक बाइक पर सवार थे। जैसे ही बाबरी पुरा नहर के पास बाइक पहुंची तो सुमन ने खुद की चप्पल गिरने की बात कहकर बाइक रुकवाई और जैसे ही बाइक रुकी तो दौड़कर पुलिया से नहर में छलांग लगा दी। चार दिन पहले ही आई थी मायके से टेंटरा थाना प्रभारी एसआई पारथ सिंह परिहार ने बताया कि चिन्नोनी गांव की रहने वाली सुमन रावत पिता बंटी रावत की शादी सबलगढ़ के गांव गौदोली हार के रहने वाले ध्रुव रावत पुत्र रामलखन रावत से 11 जुलाई वर्ष 2024 में दो साल पहले हुई थी। सुमन अपनी इस शादी से खुश नहीं थी इसलिए शादी के बाद से वह मायके में ज्यादा रहती थी। चार दिन पहले भी समाजिक पंचायत के बाद सुमन अपने मायके से ससुराल गई थी। रविवार को शाम को सुमन पर कोई भूत प्रेत का साया होने को बात मानकर पति और ससुर उसे कैमरा कला गांव में किसी देव स्थान पर ले गए थे। वहीं से लौटते समय सुमन ने नहर में छलांग लगा दी। पहले महिला की तलाश फिर करेंगे जांच साथ ही थाना प्रभारी ने बताया कि अभी प्राथमिकता महिला की तलाश है महिला किस अवस्था में मिलती है इस पर भी निर्भर करता है। उसके बाद जांच की जाएगी मायके पक्ष और ससुरालियों के बयानों के आधार पर ही किसी तरह का कोई निष्कर्ष निकलेगा कि महिला ने छलांग किस कारण लगाई।


