नीरारा गांव के पास पहाड़गढ़ रोड पर बन रहे CM राइज स्कूल की निर्माणाधीन बिल्डिंग में एक किसान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान 45 वर्षीय सतेंद्र धाकड़ पुत्र सियाराम धाकड़, निवासी नीरारा के रूप में हुई है। शव सीढ़ियों पर पड़ा था, जबकि करीब 100 फीट दूर उसकी बाइक खड़ी मिली। मौके पर जूते भी पड़े थे। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शाम को घर से निकले, सुबह मिला शव परिजनों के अनुसार सतेंद्र धाकड़ महाशिवरात्रि पर अलोपी शंकर मंदिर से शाम करीब 6 बजे घर लौटे थे। रात लगभग 8 बजे वे फिर घर से निकले, लेकिन वापस नहीं आए। सुबह परिजनों ने आसपास तलाश की तो निर्माणाधीन स्कूल परिसर में उनका शव मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस क्या कह रही है थाना प्रभारी वीरेश कुशवाह के मुताबिक मृतक को शराब पीने की आदत थी। फिलहाल मर्ग कायम कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


