दतिया में दिन का तापमान 30 डिग्री पहुंचा:सर्दी ढलान पर, रबी फसलों पर असर की आशंका

दतिया में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और सर्दी अब विदाई की ओर है। हवाओं का रुख बदलते ही फरवरी के दूसरे सप्ताह में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिन के साथ-साथ रातें भी अब कम ठंडी महसूस होने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में और उछाल की संभावना है, जिससे गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 12.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। वहीं आर्द्रता में कमी आई है और यह घटकर 61 प्रतिशत पर रह गई है। आर्द्रता कम होने और तापमान बढ़ने से सुबह-शाम की ठंडक भी कमजोर पड़ने लगी है। दूसरी ओर, रविवार शाम अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक है। दोपहर के समय धूप में अब गर्मी का अहसास साफ महसूस होने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ टर्फ लाइन के रूप में सक्रिय है, जिसका प्रभाव उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में दिखाई दे रहा है। इसी कारण तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने की संभावना है, जिससे दिन का तापमान और बढ़ सकता है। हालांकि रात के तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी जारी रहेगी, जिससे ठंड पूरी तरह खत्म होने की ओर बढ़ेगी। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में यह बदलाव रबी फसलों पर भी असर डाल सकता है। गेहूं और चना की फसल के लिए हल्की ठंड लाभकारी होती है, लेकिन तापमान बढ़ने से फसलों की वृद्धि पर प्रभाव पड़ सकता है। लोगों को भी सुबह-शाम हल्की ठंड और दिन में गर्मी के बीच बदलते मौसम के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *