इंदौर के खुडैल इलाके में रविवार शाम डंपर की टक्कर से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। वह नौकरी से लौटकर अपने घर जा रहे थे, तभी पीछे से आए डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। खुडैल पुलिस के मुताबिक, घटना ग्राम पिवडाय की है। यहां रहने वाले शरीफ (73) पुत्र बाबू शाह को घर से कुछ दूरी पहले एक डंपर ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में आसपास के लोगों ने उन्हें एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां रात में उनकी मौत हो गई। परिवार के अनुसार, शरीफ राउली कुडाल के जंगल में चौकीदारी का काम करते थे और रविवार शाम वहीं से अपने घर लौट रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने डंपर जब्त कर लिया है, जबकि ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। 2 महीने पहले शुरू किया था काम शरीफ के दो बेटे हैं, जो टाइल्स की ठेकेदारी का काम करते हैं। उनके बड़े बेटे सरदार ने बताया कि पिता ने दो महीने पहले ही चौकीदारी का काम शुरू किया था। उन्होंने कहा था कि घर पर अकेले रहना उन्हें ठीक नहीं लगता, इसलिए उन्होंने यह काम शुरू किया। पेंटर की मौत में सगे भाई पर एफआईआर लसूड़िया पुलिस के मुताबिक प्रेम पुत्र दगडू राठौर निवासी देवपुरी की मौत के मामले में उसके भाई दयाराम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। प्रेम प्रतिक यादव के बंगले पर 30 सिंतबर को दीवार पर कलर कर रहा था। दीवार के ऊपर रोशनदान पर कलर करने के दौरान संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। उसे उपचार के लिए पहले भाई बाम्बे अस्पतााल लेकर पहुंचा था। यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में उसे एमवाय भेजा गया। पुलिस ने अपनी जांच में माना कि भाई दयाराम ने ठेकेदारी के काम के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त साधन नहीं रखे थे। जिसमें प्रेम के सिर में चोट आई थी। जिससे उसकी मौत हुई।


