नगरीय निकाय, पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों पर बैठक:निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

बूंदी में नगरीय निकाय और पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों को लेकर सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय गोदारा की अध्यक्षता में हुई, जिसमें निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आचार संहिता लागू होते ही विभिन्न प्रकोष्ठ सक्रिय हो जाएंगे। इन प्रकोष्ठों को सौंपे गए दायित्वों का संपादन किया जाएगा और चुनाव संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। गोदारा ने मतदान दल गठन की तैयारियों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि राज्य निर्वाचन आयोग के नियमानुसार मास्टर ट्रेनरों द्वारा मतदान दलों को प्रशिक्षण दिलवाया जाए। सभी ब्लॉक पर आवश्यकतानुसार मास्टर ट्रेनरों की नियुक्ति के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने मतदान दलों के परिवहन के लिए पर्याप्त संख्या में बसों और अन्य वाहनों के अधिग्रहण का निर्देश दिया। साथ ही, टेंडर संबंधी सभी कार्यवाही समय पर पूरी करने और मतदान दलों की रवानगी स्थल पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मतगणना दिवस के लिए सुरक्षा एवं अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मतदान केंद्रों पर रैंप, छाया और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के समुचित प्रबंध करने और त्रुटिरहित बैलेट पेपर सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर समन्वय से कार्य करते हुए जिले में निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने का आह्वान किया। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामकिशोर मीणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा, सहायक कलेक्टर बनवारी लाल बैरवां सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *