डीडवाना-कुचामन जिले में महिला एवं बाल विकास सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, जिला प्रशासन ने नव चयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति आदेश प्रदान किए।
जिला कलेक्टर महेंद्र खड़गावत ने सोमवार को आयोजित एक कार्यक्रम में चयनित 5 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और 14 सहायिकाओं को औपचारिक रूप से आदेश सौंपे। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि आंगनबाड़ी व्यवस्था ग्रामीण और शहरी स्तर पर मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा की आधारशिला है। आंगनबाड़ी कार्मिक समाज में जागरूकता फैलाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी सक्रिय भूमिका से कुपोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है।
उन्होंने नव नियुक्त कर्मियों से संवेदनशीलता, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तव में जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच सके। एडीएम मोहनलाल खटनावलिया ने बताया कि जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत कुल 5 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और 14 सहायिकाओं को चयन आदेश प्रदान कर नियुक्तियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य जमीनी स्तर पर सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाना है, जिसके लिए प्रशिक्षित और प्रतिबद्ध कार्मिकों की भूमिका बेहद अहम है। कार्यक्रम के दौरान नव चयनित कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण से अपने कर्तव्यों का पालन करने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक ओमप्रकाश मुवाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


