शिवपुरी में अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या का विरोध:वकीलों ने मुआवजा, परिवार को नौकरी और सुरक्षा कानून की मांग की

शिवपुरी में एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या के बाद प्रदेशभर के वकील सड़कों पर उतर आए हैं। निवाड़ी जिले के ओरछा अभिभाषक संघ ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर न्याय और सुरक्षा की मांग की है। यह घटना 14 फरवरी 2026 को शिवपुरी में हुई थी। अधिवक्ता संजय सक्सेना सुबह अपनी मोटरसाइकिल से वर्दी में कोर्ट जा रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे प्रदेश के अधिवक्ता स्तब्ध हैं। वकीलों ने इस घटना को न्याय व्यवस्था पर हमला बताया है। ओरछा अधिवक्ता संघ ने इसका कड़ा विरोध करते हुए आज तहसील कार्यालय में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मृतक अधिवक्ता के परिवार को उचित मुआवजा, आश्रित को सरकारी नौकरी, हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की गई है। अधिवक्ताओं ने सवाल उठाया कि यदि अदालत जाने वाला वकील भी सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिक की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो प्रदेशभर के हजारों वकील भोपाल में अनशन और प्रदर्शन करेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह तोमर, उपाध्यक्ष अशोक यादव, सचिव कृष्णकांत श्रीवास्तव, सह सचिव पुरुषोत्तम द्विवेदी सहित कई अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे। अधिवक्ताओं का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में वकीलों पर हमलों में वृद्धि हुई है, लेकिन उनके लिए कोई ठोस सुरक्षा कानून नहीं बना है, जिसके कारण अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *