मुरैना में रविवार रात करीब 11:45 बजे गुना नगर निगम क्षेत्र में एमएस रोड ओवरब्रिज की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार ब्लैक स्कॉर्पियो ने पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास लगने वाली हाथ ठेला चौपाटी में घुसकर एक के बाद एक छह ठेलों और एक सांची दुकान को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी ठेले बुरी तरह टूट गए। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और गाड़ी जब्त कर ली गई है। तेज रफ्तार में घुसी स्कॉर्पियो प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कॉर्पियो काफी तेज गति में थी। चालक ने नियंत्रण खो दिया और सीधे ठेलों की लाइन में जा घुसा। कुछ ही सेकंड में पूरा इलाका मलबे में बदल गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त ठेलों पर ग्राहक मौजूद नहीं थे। अगर दिन का समय होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। ठेले पूरी तरह बर्बाद टक्कर से ठेलों के पहिए, फ्रेम और सामान सब तहस-नहस हो गया। कई व्यापारियों का खाना-पीना और गैस सिलेंडर तक क्षतिग्रस्त हो गया। व्यापारियों का कहना है कि ठेला ही उनकी आजीविका का साधन है। अब अचानक हुए नुकसान से परिवार चलाना मुश्किल हो जाएगा। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर तक इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। इन व्यापारियों का हुआ नुकसान गाड़ी छोड़कर भागा चालक हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। फरियादियों ने थाने पहुंचकर नुकसान की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया के अनुसार स्कॉर्पियो द्वारा ठेलों और सांची दुकान को नुकसान पहुंचाया गया है। वाहन जब्त कर लिया गया है और चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


