धौलपुर का केंद्रीय रोडवेज बस स्टैंड जल्द ही नए और आधुनिक स्वरूप में नजर आएगा। यात्रियों की बढ़ती संख्या और अव्यवस्था को देखते हुए इसके चौड़ीकरण और विकास कार्य शुरू कर दिए गए हैं। इस परियोजना पर करीब 1.20 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। वर्तमान में यह बस स्टैंड एक छोटे से परिसर में संचालित हो रहा था, जहां मुश्किल से 3 से 4 बसें ही एक साथ खड़ी हो पाती थीं। इससे यात्रियों को बसों में चढ़ने-उतरने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था, खासकर व्यस्त समय में भीड़ बढ़ जाती थी। विकास कार्यों के तहत बस स्टैंड परिसर को रोडवेज डिपो कॉम्प्लेक्स से जोड़ा जाएगा। इसके लिए डिपो कार्यशाला की लगभग 15 फीट दीवार को तोड़कर उस हिस्से को बस स्टैंड में शामिल किया जा रहा है। इससे प्लेटफार्म क्षेत्र काफी चौड़ा हो जाएगा और बसों की आवाजाही सुचारु रूप से हो सकेगी। प्लेटफार्मों का विस्तार किया जाएगा
नए स्वरूप में बस स्टैंड पर सीसी रोड बनाई जाएगी और प्लेटफार्मों का विस्तार किया जाएगा। कार्य पूरा होने के बाद कुल 7 प्लेटफार्म होंगे, जहां हर प्रमुख रूट की बस के लिए अलग प्लेटफार्म निर्धारित किया जाएगा। आगरा, भरतपुर, बाड़ी, राजाखेड़ा और बसेड़ी जैसे रूटों की बसें अलग-अलग प्लेटफार्म से संचालित होंगी, जिससे यात्रियों को सुविधा होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए चौड़े परिसर में बैठने के लिए बेंच भी लगाई जाएंगी। धौलपुर रोडवेज के मुख्य प्रबंधक जगजीत सिंह ने बताया कि केंद्रीय बस स्टैंड में कई विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिनमें मुख्य रूप से चौड़ीकरण शामिल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्षों से चली आ रही भीड़ और जगह की कमी की समस्या से यात्रियों को राहत मिलेगी।


