छतरपुर में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट की मांग को लेकर सोमवार को वकीलों ने उग्र प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट में प्रवेश नहीं मिलने और कलेक्टर द्वारा ज्ञापन लेने से इनकार करने पर नाराज अधिवक्ताओं ने शहर के आकाशवाणी तिराहे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे-75 और नेशनल हाईवे-86 को ब्लॉक कर दिया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। वकील कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपना चाहते थे, लेकिन आरोप है कि उन्हें परिसर में घुसने नहीं दिया गया। इससे नाराज होकर उन्होंने सड़क जाम कर दी। अधिवक्ताओं ने कलेक्टर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री के नाम चूड़ियां भेंट करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देता है, तो वे चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। 2 घंटे से थमे पहिए, परेशान हो रहे राहगीर प्रदर्शन के चलते नेशनल हाईवे-75 और 86 पर करीब दो घंटे से जाम लगा है। सड़क के दोनों ओर तीनों रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। CEO ने की बात, वकील बोले- अपमान बर्दाश्त नहीं मौके पर पहुंचे जिला पंचायत सीईओ नमो शिवाय अरजरिया ने प्रदर्शनकारी वकीलों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि ज्ञापन संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह ने कहा, “हम अधिवक्ताओं के सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेंगे। हमारे खिलाफ कोई भी अपमानजनक व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” फिलहाल प्रदर्शन जारी है। अब देखिए जाम की तस्वीरें…


