छिंदवाड़ा में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर सोमवार शाम हिंदू गर्जना रैली निकाली जाएगी। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित इस रैली में तेलंगाना के विधायक टी राजा सिंह शामिल होंगे। रैली शाम 5 बजे चार फाटक स्थित दादा धूनीवाले दरबार से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए दशहरा मैदान पहुंचेगी, जहां विशाल धर्मसभा का आयोजन होगा। रैली में शामिल होने के लिए तेलंगाना के गोशामहल से विधायक और प्रखर हिंदुवादी नेता टी राजा सिंह छिंदवाड़ा पहुंच चुके हैं। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। वे परासिया के रास्ते छिंदवाड़ा आए हैं और शाम 5 बजे रैली में शामिल होंगे। मातृशक्ति एक जैसी ड्रेस में करेंगी नेतृत्व जिला बजरंग दल संयोजक नरेंद्र पटेल ने बताया कि हिंदू गर्जना रैली का यह पांचवां वर्ष है। इस बार रैली का नेतृत्व मातृशक्ति करेंगी। सभी महिलाएं एक समान ड्रेस कोड में शामिल होकर शक्ति प्रदर्शन करेंगी। शहर में जगह-जगह भगवा ध्वज लगाए गए हैं। रैली में डीजे और आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। दशहरा मैदान में शाम 7 बजे होगी सभा रैली का शुभारंभ शाम 5 बजे दादा धूनीवाले दरबार में पूजा-अर्चना के साथ होगा। इसके बाद रैली तिलक चौक, पावर हाउस, छोटी बाजार, मेन रोड और फव्वारा चौक होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेगी। यहां शाम 7 बजे धर्मसभा होगी, जिसे संबोधित करते हुए टी. राजा सिंह हिंदू एकता और संगठन पर अपने विचार रखेंगे।


