आगर मालवा जिला अभिभाषक संघ ने प्रदेश में अधिवक्ताओं पर बढ़ते हमलों के विरोध में सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन दिया। वकीलों ने ‘एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट’ को तत्काल लागू करने की मांग की है। यह ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर कमल मंडलोई को दिया गया। असुरक्षा के बीच काम करने को मजबूर ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेशभर में वकीलों के साथ मारपीट और गंभीर अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अपराधियों और असामाजिक तत्वों द्वारा किए जा रहे इन हमलों से वकील खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद लंबे समय से सुरक्षा कानून की मांग कर रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। हालिया घटनाओं पर जताया रोष अधिवक्ताओं ने डबरा और अन्य जिलों में हुए हमलों के साथ ही 14 फरवरी 2026 को शिवपुरी के करैरा में वकील संजय कुमार सक्सेना की गोली मारकर की गई हत्या का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं पूरे वकील समुदाय के लिए चिंता का विषय हैं। एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट तुरंत लागू करें जिला अभिभाषक संघ ने सरकार से अपील की है कि एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को तुरंत लागू किया जाए, ताकि वकील बिना किसी डर के अपना काम कर सकें। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार मारू, पूर्व अध्यक्ष वैभव भटनागर सहित बड़ी संख्या में वकील उपस्थित थे।


