शाजापुर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 28 स्थित दुपाड़ा रोड पर सरस्वती विद्या मंदिर के पीछे रहने वाले अधिवक्ता प्रमोद कुशवाह बीते एक वर्ष से नल कनेक्शन के लिए नगर पालिका के चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने मकान निर्माण से पहले नगर पालिका से विधिवत अनुमति ली थी और हाउस टैक्स, संपत्ति कर और विकास शुल्क सहित सभी आवश्यक शुल्क जमा किए थे। निर्माण पूरा होने के बाद 31 जनवरी 2025 को रसीद क्रमांक 39 के साथ नल कनेक्शन के लिए आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक उन्हें कनेक्शन नहीं मिला है। कुशवाह ने अपनी समस्या के समाधान के लिए 24 फरवरी, 4 मार्च और 10 मार्च 2025 को सीएमओ और कलेक्टर को भी लिखित आवेदन दिए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि नगर पालिका ने अनुमति और शुल्क लेने के बावजूद अब उनके मकान को अवैध कॉलोनी बताकर कनेक्शन देने से इनकार कर रही है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है जिसमें वे सीएमओ कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए दिख रहे हैं। नपा को टंकी हैंडओवर नहीं हुई इस संबंध में नगर पालिका सीएमओ भूपेंद्र दीक्षित ने बताया कि संबंधित मकान एक तरफ बना है, जहां अलग से पाइपलाइन डालना संभव नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सिद्धार्थ नगर की पानी की टंकी अभी नगर पालिका को हैंडओवर नहीं हुई है। सीएमओ के अनुसार, कुशवाह का नाम अमृत धारा-2 योजना में जोड़ दिया गया है और योजना का काम पूरा होते ही उन्हें कनेक्शन दे दिया जाएगा। हालांकि, कनेक्शन मिलने की कोई निश्चित समय-सीमा नहीं बताई गई है। कोर्ट जाएगा पीड़ित पीड़ित अधिवक्ता प्रमोद कुशवाह ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें जल्द ही नल कनेक्शन नहीं मिलता है, तो वे न्याय के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।


