भीलवाड़ा में नगर निगम की टीम द्वारा शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आज सोमवार को भी जारी रही। पिछले पांच दिन से नगर निगम द्वारा लगातार शहर के मुख्य बाजारों से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। इसी के तहत आज नगर निगम का दस्ता सूचना केंद्र चौराहे और गांधी बाजार पर पहुंचा और दुकानों के बाहर किए अतिक्रमण को हटाया गया। अफसरों ने साफ कहा कि फिर से अतिक्रमण किया गया तो विभाग की ओर से सख्त एक्शन होगा। बाहर रखी लोहे की पेटियों को तोड़ा इस दौरान एक दुकानदार ने सड़क पर करीब 15 से 20 फीट अतिक्रमण अपने लोहे के सामान फैला कर किया था। निगम की टीम ने इस अतिक्रमण हटाने के लिए कई दुकानदार से समझाइश भी की। लेकिन उसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो निगम के दस्ते ने आज दुकान के बाहर अतिक्रमण कर रखी लोहे की पेटियां, लोहे के बक्से, शू रेक सहित करीब एक दर्जन से ज्यादा लोहे के बने सामान को जेसीबी से उठाकर ट्रैक्टर में भरकर हटवा दिया। रैंप, सीढ़ियां सहित पक्के निर्माण भी हटाए इस दौरान निगम के दस्ते ने सड़कों के बाहर रैंप और अतिक्रमण की हुई सीढ़ियों को भी जेसीबी की मदद से हटाया गया। इस दौरान कई जगह से लोहे के टीन शेड, लोहे के चादर और दुकानों के बाहर लगे बोर्ड और होर्डिंग को भी हटाया गया।इस दौरान नगर निगम की टीम ने व्यापारियों को अपनी दुकान के बाहर फैलाए अतिक्रमण को निर्धारित स्थान स्थान पर रखने और अतिक्रमण से सड़क को बाधित ना करें। व्यापारियों ने खुद हटाया अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान बाजार में हड़कंप मच गया। कई व्यापारियों ने खुद अपनी दुकान के बाहर किए हुए अतिक्रमण को हटाए। अधिकारियों का कहना है कि निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।


