उमरिया के चंदिया क्षेत्र में खेत में सिंचाई पंप चालू करते समय करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। उसे बचाने गए एक अन्य युवक घायल हो गया, जिसका चंदिया अस्पताल में इलाज चल रहा है।यह घटना सोमवार को हाईवे से लगे एक खेत में हुई। जानकारी के अनुसार, राहुल कुशवाहा अपने खेत में सिंचाई पंप चालू कर रहे थे, तभी वे अचानक बिजली करंट की चपेट में आ गए। राहुल को बचाने के लिए राघवेंद्र कुशवाहा मौके पर पहुंचे, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए। इसी दौरान मौके पर पहुंचे एक पड़ोसी ने बिजली का तार अलग कर दोनों को करंट से छुड़ाया। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राहुल कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया। राघवेंद्र के हाथ में चोट आई है और उनका उपचार जारी है। राहुल की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए। मामले की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


