छात्र अभिषेक के हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग:प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, कहा- अभिभावकों में असुरक्षा की भावना बढ़ी

गोगामेड़ी थाना क्षेत्र के नेठराना गांव में पांचवीं कक्षा के छात्र अभिषेक शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। विभिन्न सामाजिक संगठन लगातार दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इसी क्रम में प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को अध्यक्ष विजय सिंह चौहान और वरिष्ठ सदस्य आरके त्यागी के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक हरिशंकर से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि अभिषेक शर्मा की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई है, लेकिन अभी तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। एसोसिएशन ने चिंता व्यक्त की कि इस घटना से स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन व निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने और उन्हें कठोर दंड दिलाने की मांग की। उन्होंने जोर दिया कि इससे पीड़ित परिवार को न्याय मिल सकेगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रुकेगी। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो समाज में गलत संदेश जाएगा। बच्चों की सुरक्षा को प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी बताते हुए प्रतिनिधिमंडल ने स्कूलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने की भी मांग की। पुलिस अधीक्षक ने मामले में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसोसिएशन ने यह भी चेतावनी दी कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होने पर वे अलग-अलग तहसीलों के माध्यम से विरोध दर्ज करेंगे। इस अवसर पर दीपक कश्यप, लोकेश शर्मा, दीदार सिंह, मनोज सोलंकी, रोबिन सिंह, सुधाकर कुमार, सुरेंद्र नागपाल, ओम साईं, रामसिंह और सुमित कुमार सहित कई सदस्य मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि 10 फरवरी की शाम को नेठराना गांव से लापता हुए अभिषेक शर्मा पुत्र रजनीश शर्मा का शव उसी रात गांव के मोक्ष धाम के पश्चिम में स्थित एक जोहड़ के पास कुएं में संदिग्ध अवस्था में मिला था। बालक के गले पर चोट के निशान पाए जाने के बाद हत्या की आशंका जताई गई थी। इस मामले में गोगामेड़ी थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *