मऊगंज जिले के शाहपुर इलाके में दहेज प्रताड़ना की शिकार एक महिला ने पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाए हैं। चंदेह निवासी नजराना बानो ने सोमवार को एसपी दफ्तर पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। उनका कहना है कि कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद भी शाहपुर पुलिस उनके पति को पकड़ नहीं रही है। मारपीट कर घर से निकाला नजराना बानो ने बताया कि उनकी शादी जून 2020 में मोहम्मद रसीद से हुई थी। आरोप है कि शादी के अगले साल ही ससुराल वालों ने दहेज के लिए उनके साथ मारपीट की और उन्हें घर से निकाल दिया। इसके बाद उन्होंने महिला थाने में शिकायत की और अपने खर्च (भरण-पोषण) के लिए कोर्ट में केस कर दिया। समझौते के बाद भी नहीं सुधरे हालात महिला का कहना है कि कोर्ट में समझौते के बाद पति उन्हें अपने साथ घर ले गया था, लेकिन सिर्फ एक हफ्ते बाद ही फिर से घर से बाहर निकाल दिया। नजराना के मुताबिक, कोर्ट ने उनके पति के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर रखा है, लेकिन जब भी वे शाहपुर थाने जाती हैं, तो पुलिस उन्हें टाल देती है और कोई कार्रवाई नहीं करती। आर्थिक तंगी और पुलिस का भरोसा नजराना बानो इस वक्त भारी आर्थिक तंगी से गुजर रही हैं। उन्होंने बताया कि उनका पति रीवा में प्राइवेट एंबुलेंस चलाता है। एडिशनल एसपी विक्रम सिंह ने थाना प्रभारी को जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अब पीड़ित महिला को पुलिस की अगली कार्रवाई का इंतजार है।


