शिवपुरी में अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के विरोध में मंदसौर जिले के अधिवक्ताओं ने सोमवार को जमकर प्रदर्शन किया। जिलेभर के वकीलों ने अपना कामकाज पूरी तरह बंद रखा और एसडीएम शिवलाल शाक्य को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने हत्या की निंदा करते हुए वकीलों की सुरक्षा के लिए तत्काल एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की। अधिवक्ता संघ करैरा (जिला शिवपुरी) के सदस्य संजय कुमार सक्सेना की 14 फरवरी 2026 को नृशंस हत्या कर दी गई थी। अपराधी वकील का भेष धारण करके आए थे और उन्हें गोली मार दी। इस घटना की मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद ने घोर निंदा की है। ज्ञापन में कहा गया कि इस घटना के बाद प्रदेश का अधिवक्ता वर्ग स्वयं को असहाय महसूस कर रहा है, जो चिंता का विषय है। डबरा में भी हो चुका है हमला मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद द्वारा पूर्व में भी एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की जाती रही है, लेकिन अब तक राज्य शासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। ज्ञापन में बताया गया कि डबरा के अधिवक्ता चंद्रभान सिंह मीणा सहित अन्य जिलों के वकीलों पर भी हमले हो चुके हैं। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे दिनदहाड़े हत्याएं कर रहे हैं। विशेष सभा में पारित हुआ प्रस्ताव 15 फरवरी 2026 को मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद की विशेष सामान्य सभा की बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से प्रस्ताव क्रमांक 3/वि.जी.बी/2026 पारित किया गया। प्रस्ताव में स्व. संजय कुमार सक्सेना की हत्या के विरोध और हमलों की निंदा के साथ-साथ एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को अतिशीघ्र लागू करने की मांग की गई।


