भैंसदेही में प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह:महाराष्ट्र के युवक को खेत में दफना दिया था; माता-पिता समेत युवती गिरफ्तार

बैतूल जिले के भैंसदेही क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की हत्या कर शव को खेत में दफना दिया गया। पुलिस ने इस मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए सोमवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक महाराष्ट्र का निवासी था। भैंसदेही थाना क्षेत्र के ग्राम कौड़िया में 14 फरवरी को पुलिस को एक लावारिस बाइक खड़ी होने की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि यह बाइक महाराष्ट्र निवासी शिवम धुर्वे की है। जब पुलिस ने विसराम साल्वे के घर के सामने खड़ी इस बाइक के बारे में परिजनों से पूछताछ की, तो उनके जवाब संतोषजनक नहीं मिले, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। पत्थर और डंडों से पीट-पीटकर मार डाला
ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस पुराने खेत की ओर पहुंची। वहां पूछताछ के दौरान विसराम साल्वे की पत्नी सोनाय ने स्वीकार किया कि उनकी बेटी सुमित्रा के कहने पर शिवम धुर्वे उनके घर आया था। आपसी विवाद के बाद विसराम, सोनाय और सुमित्रा ने मिलकर शिवम की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने युवक के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए। इसके बाद उसे खेत में ले जाकर पत्थर और डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। अगले दिन, हत्या का राज छिपाने के लिए शव को गड्ढा खोदकर खेत में दफना दिया गया। शादी के लिए बना रहा था दबाव
मामला सामने आने पर पुलिस ने खेत में खुदाई कर शव बरामद किया। मृतक की पहचान महाराष्ट्र निवासी शिवम धुर्वे के रूप में हुई। पुलिस ने इस मामले में विसराम साल्वे, उसकी पत्नी सोनाय और बेटी सुमित्रा मौसिक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। जांच में सामने आया कि मृतक शिवम का सुमित्रा से परिचय था और वह उस पर शादी का दबाव बनाकर परेशान कर रहा था। इससे तंग आकर सुमित्रा ने उसे अपने मायके बुलाया, जहां उसने अपने माता-पिता के साथ मिलकर शिवम की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। यह घटना जिले में प्रेम प्रसंग के चलते एक माह में हुई चौथी हत्या है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *