सागर के डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय में सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और छात्रों ने जमकर प्रदर्शन किया। अपनी मांगों को लेकर प्रशासनिक भवन पहुंचे छात्रों ने मुख्य गेट का ताला खोल दिया और अंदर घुस गए। उन्होंने गैलरी में बैठकर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों ने योग विभाग को हटाने, आर्यभट्ट हॉस्टल की बढ़ा हुई फीस और बंद बस सेवा को लेकर विरोध जताया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। प्रदर्शनकारी छात्रों ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रबंधन ने हाल ही में योग विभाग को खाली कराने का नोटिस जारी किया है। प्रबंधन वहां दूसरे विभाग लगाने की बात कह रहा है, जिसका योग विभाग के विद्यार्थी विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि विभाग को यथावत रखा जाए। 200 की जगह 2450 रुपए फीस वसूली छात्रों ने हॉस्टल फीस में भारी असमानता का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि आर्यभट्ट हॉस्टल की फीस 2450 रुपए प्रतिमाह ली जा रही है, जो बहुत ज्यादा है। जबकि विश्वविद्यालय के दूसरे हॉस्टलों की फीस मात्र 200 रुपए है। छात्रों का आरोप है कि इतनी ज्यादा फीस लेने के बावजूद आर्यभट्ट हॉस्टल में कोई स्पेशल सुविधा नहीं दी जा रही है। उन्होंने फीस कम करने की मांग की। एक महीने से बस सेवा बंद, लैब में एक्सपायरी सामान छात्रों ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में विभागों तक आने-जाने के लिए शुरू की गई बस सेवा पिछले एक महीने से बंद है। दूसरी बस अभी तक नहीं आई है, जिससे विद्यार्थी परेशान हो रहे हैं। इसके अलावा विभागों की लैब में संसाधनों की कमी है और जो रसायन हैं, वे एक्सपायर हो चुके हैं। गर्ल्स हॉस्टल जर्जर, मेस की समस्या प्रदर्शन के दौरान गर्ल्स हॉस्टल के जर्जर भवन और मेस की समस्याओं को भी उठाया गया। इन सभी मुद्दों को लेकर छात्रों ने गैलरी में धरना दिया। हंगामा बढ़ता देख प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों की समस्याओं का निराकरण करने का आश्वासन दिया।


