मंदसौर में सुशासन भवन स्थित सभागृह में साप्ताहिक अंतर-विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर अदिती गर्ग ने की। इस दौरान अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में गेहूं उपार्जन कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि तकनीकी समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सत्यापन कार्य पटवारी और तहसीलदार स्तर पर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर सख्ती
सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। सभी विभागों को ‘ए ग्रेड’ बनाए रखने के निर्देश दिए गए। शिकायतों के समाधान में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। पीएचई विभाग को निर्देशित किया गया कि पूर्ण हो चुके पेयजल निर्माण कार्यों का तत्काल हैंडओवर किया जाए और शेष कार्यों को भी शीघ्रता से पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को समय पर सुविधा मिल सके। कृषि विभाग देगा साप्ताहिक अपडेट
कृषि विभाग को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक साप्ताहिक बैठक में एग्री स्टेट की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की जाए। बैठक में अन्य विभागों की प्रगति की भी समीक्षा की गई और सभी को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


