माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) में सोमवार को गौशाला निर्माण की मांग को लेकर छात्रों ने उपवास रखा। तेज धूप में भूखे-प्यासे बैठे रहने के कारण कुछ छात्रों को कमजोरी महसूस होने लगी। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और एक छात्र बेहोश हो गया। उसे तुरंत मेडिकल केयर उपलब्ध कराई गई। छात्रों का कहना है कि यह मांग केवल आस्था से नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों से जुड़ी है। वहीं, भोपाल उत्तर विधायक आतिफ अकील ने वीडियो कॉल के जरिए समर्थन देते हुए एक गाय दान करने की घोषणा की, जिससे यह मुहिम राजनीतिक चर्चा में भी आ गई। परिसर में उपवास, संवेदनशीलता की बात एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में शांतिपूर्ण उपवास कर प्रशासन से गौशाला निर्माण की मांग की। उनका कहना था कि विश्वविद्यालय जैसे शैक्षणिक संस्थान में सामाजिक सरोकारों और पर्यावरणीय जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के लिए ऐसे कदम जरूरी हैं। कार्यकर्ताओं ने इसे जनहितकारी और मानवीय पहल है। उपवास के दौरान बिगड़ी थी तबीयत दोपहर लगभग 3 बजे उपवास का नेतृत्व कर रहे एनएसयूआई प्रदेश सचिव अमन पठान की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद साथियों ने उन्हें तुरंत विश्वविद्यालय स्थित धन्वंतरी चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई। घटना के बाद कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर चिंता का माहौल बन गया, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई। प्रशासन ने दिया गौशाला के लिए आश्वासन घटना की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. शशिकला स्वयं मौके पर पहुंचीं। उन्होंने उपवास पर बैठे छात्रों से मुलाकात की और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। साथ ही, उन्होंने गौ-शाला निर्माण की मांग पर प्रशासनिक स्तर पर संवेदनशीलता के साथ चर्चा कर सकारात्मक समाधान निकालने का आश्वासन दिया। राजनीतिक समर्थन से बढ़ी चर्चा उपवास कार्यक्रम को भोपाल उत्तर विधायक आतिफ अकील का समर्थन मिला। उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से कार्यकर्ताओं से संवाद किया और गौशाला निर्माण की मांग को उचित बताते हुए अपनी ओर से एक गाय दान करने की घोषणा की। इसके अलावा पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा ने भी इस पहल का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि गौशाला निर्माण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी से भी जुड़ा मुद्दा है। एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। उपवास कार्यक्रम में नबील असलम, नरेंद्र सिंह, हरिओम गुप्ता, जोगेंद्र सिंह, सौरभ सिंह और अभिषेक राणा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


