सिंगरौली शहर की बहुप्रतीक्षित मॉडल रोड के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। नगर निगम ने सोमवार को माजन मोड़ से एनटीपीसी विंध्याचल के मुख्य द्वार तक लगभग 7 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया है। इस परियोजना पर करीब 19 करोड़ रुपए की लागत आने का अनुमान है। यह सड़क पिछले लगभग छह महीनों से जर्जर अवस्था में है। जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी हुई सतह और धूल के कारण राहगीरों तथा वाहन चालकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग औद्योगिक और आवागमन की दृष्टि से शहर की एक महत्वपूर्ण धुरी है, जिसे अब मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। संविदाकार जल्द प्रक्रिया नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने सोमवार को जानकारी दी कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संविदाकार जल्द ही इस प्रक्रिया में भाग लेंगे और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो जाएगा। आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। आयुक्त के अनुसार, सड़क का निर्माण दो चरणों में किया जाएगा। पहले बेस वर्क होगा, जिसके बाद डामरीकरण का कार्य किया जाएगा। इसका उद्देश्य सड़क को लंबे समय तक टिकाऊ बनाना है। हालांकि, वर्तमान में सड़क पर सीवर लाइन और गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है, जिसके कारण कई स्थानों पर खुदाई की गई है। इस संबंध में आयुक्त सविता प्रधान ने स्पष्ट किया कि गैस पाइपलाइन और सीवर का कार्य कर रही ठेका कंपनियों को जल्द से जल्द अपना काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम ने आश्वस्त किया है कि सभी कार्य समन्वय के साथ पूरे कराए जाएंगे, ताकि सड़क निर्माण के बाद उसे किसी प्रकार का नुकसान न हो। यदि सभी कार्य निर्धारित समय पर पूरे होते हैं, तो आने वाले दिनों में शहरवासियों को धूल, गड्ढों और यातायात जाम से मुक्ति मिल सकेगी।


