बुरहानपुर में ताप्ती नदी में गिरी महिला की जान बचाई:डायल-112 ने रस्सा फेंककर बाहर निकाला; महाशिवरात्रि पर आश्रम गई थी

बुरहानपुर के शिकारपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात ताप्ती नदी में गिरी एक महिला को डायल-112 की टीम ने ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बचा लिया। हतनूर ब्रिज के नीचे गहरे पानी में फंसी महिला मदद के लिए चिल्ला रही थी। पुलिस ने गाड़ी के टूल किट से रस्सा निकालकर रेस्क्यू किया। महिला को सुरक्षित निकालकर परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना रविवार रात करीब 11:20 बजे की है। महाजनपेठ निवासी दर्शन पाटिल अपने साथी जीवन पाटिल (ग्राम महलगुलारा) के साथ महाशिवरात्रि की पूजा करने हतनूर के आश्रम गए थे। दर्शन जब नदी किनारे पेशाब करने गए, तो उन्हें किसी महिला के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने टॉर्च जलाकर देखा तो महिला नदी में दिखाई दी। टूल किट के रस्से से निकाला बाहर दर्शन ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पायलट पवन महाजन और प्रधान आरक्षक घीसालाल सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि महिला गहरे पानी में किसी चीज के सहारे अटकी हुई है। पुलिसकर्मियों ने गाड़ी के टूल किट से रस्सा निकाला और ग्रामीणों की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर खींच लिया। थाने और परिजनों को दी सूचना रेस्क्यू के बाद पुलिस ने थाने के ड्यूटी अधिकारी को स्थिति की जानकारी दी। इसके साथ ही महिला के परिजनों को भी सूचित किया गया। समय रहते पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से महिला की जान बच गई, जिसकी अब हर तरफ सराहना हो रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *