उज्जैन में महाशिवरात्रि की रात चोरों ने दो अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। सतीगेट और कंठाल चौराहे स्थित दुकानों को निशाना बनाया गया। एक मेडिकल स्टोर से करीब 20 हजार रुपए की चोरी हुई है। इन वारदातों में एक महिला की संलिप्तता भी सामने आई है, जो रेकी और निगरानी करती दिखी। सोमवार तड़के करीब 4 बजे सती दरवाजा स्थित बाफना नमकीन की दुकान के ताले तोड़े गए। हालांकि, दुकान के भीतर सो रहे कर्मचारी जाग गए, जिससे चोर भाग निकले। इसके कुछ देर बाद, सुबह करीब 5:30 बजे कंठाल चौराहे पर स्थित रॉयल मेडिकल को निशाना बनाया गया। मुंह पर कपड़े बांधे थे आरोपी घटना का एक वीडियो सामने आया है। इसमें दो युवक मुंह पर कपड़ा बांधे दुकान के बाहर खड़े दिखते हैं, जबकि एक महिला कुछ दूरी पर खड़ी होकर सड़क पर निगरानी करती नजर आती है। वीडियो में पहले दोनों युवक इधर-उधर घूमते हैं, फिर महिला के इशारे के बाद शटर का ताला तोड़ने की कोशिश करते हैं। बाद में तीनों मिलकर शटर उठाते दिखाई देते हैं। दुकानदार के अनुसार, पुलिस मौके पर पहुंची और जांच भी की। हालांकि, कोतवाली थाना टीआई डीबीएस चौहान ने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


