शिवपुरी में अधिवक्ता संजय सक्सेना की हत्या के विरोध में सोमवार को बालाघाट जिले के वकीलों ने विरोध प्रदर्शन किया। राज्य अधिवक्ता परिषद के आह्वान पर जिले भर के वकील न्यायिक कार्य से दूर रहे, जिससे कोर्ट की कार्यवाही प्रभावित हुई। वकीलों ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की है। कलेक्ट्रेट परिसर में जमीन पर बैठकर जताया विरोध अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रवेश मलेवार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वकील ज्ञापन सौंपने कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। जब डिप्टी कलेक्टर ज्ञापन लेने आए, तो वकीलों ने उन्हें ज्ञापन देने से मना कर दिया और कलेक्टर को ही बुलाने की मांग पर अड़ गए। अपना विरोध दर्ज कराने के लिए सभी वकील कलेक्ट्रेट परिसर में ही जमीन पर धरने पर बैठ गए। कलेक्टर ने लिया ज्ञापन वकीलों के प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्टर मृणाल मीणा स्वयं उनसे मिलने पहुंचे। अधिवक्ताओं ने उन्हें शिवपुरी की घटना की निंदा करते हुए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। वकीलों ने बताया कि 14 फरवरी को शिवपुरी में कोर्ट जाते समय अधिवक्ता संजय सक्सेना की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे प्रदेश के वकील समुदाय में डर और गुस्से का माहौल है। प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ने कहा कि अधिवक्ताओं पर लगातार हमले हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि ‘एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट’ (अधिवक्ता सुरक्षा कानून) को जल्द से जल्द लागू किया जाए ताकि वकील बिना किसी डर के अपना काम कर सकें।


