झालावाड़ में स्वर्गीय अशोक कुमार (राजस्थान पुलिस) की स्मृति में छठी ओपन राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता 26 फरवरी से 1 मार्च तक पुलिस ट्रेनिंग स्कूल, झालावाड़ में होगी। इसका उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना का विकास करना है। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 26 फरवरी को सवेरे 11 बजे आयोजित होगा। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार बुढ़ानिया उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार बुढ़ानिया ने सोमवार को प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन किया। यह प्रतियोगिता समस्त खेल प्रेमियों एवं फुटबॉल आयोजन समिति की ओर से आयोजित की जा रही है। एडवोकेट मनीष कुमार यादव ने बताया कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जयपुर, बीकानेर, उदयपुर, भीलवाड़ा, सवाई माधोपुर, अलवर, चित्तौड़गढ़, बांदीकुई (दौसा), राजसमंद, जोधपुर, रावतभाटा, प्रतापगढ़, कोटा, बूंदी, बारां सहित इंडियन आर्मी कोटा, झालावाड़ और पीटीएस झालरापाटन की टीमें भाग लेंगी। फुटबॉल आयोजन समिति के सचिव कौशल कुमार सुमन, अवनीन्द्र व्यास, हरिश शर्मा, अमित यादव, भरत राव, चंदन यादव और ऋषिराज सिंह झाला सहित अन्य पदाधिकारी इस आयोजन में सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।


