मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मनेंद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी को 127 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने चिरमिरी को अग्निशमन वाहन सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। सीएम ने कहा कि राज्य के विकास को लेकर सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है और 2023 विधानसभा चुनाव में किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है। एमसीबी जिले में 127 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। इसके साथ ही 59 नए कामों को भी स्वीकृति दी गई है, जिनकी कुल लागत 89 करोड़ रुपये बताई गई है। सीएम बोले- अब तक 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत मुख्यमंत्री ने राजिम में हुए त्रिवेणी संगम का भी जिक्र किया, जहां देशभर से साधु-संत और विदेशों से श्रद्धालु पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में 600 नागा साधु शामिल हुए थे और सामूहिक विवाह भी संपन्न हुआ था। मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार पर प्रधानमंत्री आवास योजना छीनने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार ने 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए हैं। उन्होंने राज्य में 24 घंटे बिजली देने और पूरे प्रदेश में डिजिटल सिस्टम लागू करने की बात कही, ताकि भ्रष्टाचार रोका जा सके। होली से पहले किसानों को मिलेगी धान खरीदी के अंतर की राशि मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के राजस्व में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने छत्तीसगढ़ को ‘धान का कटोरा’ बताते हुए कहा कि सरकार किसानों को धान की कीमत 3200 रुपये प्रति क्विंटल देगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि होली पर्व से पहले किसानों को धान खरीदी के अंतर की राशि के रूप में 10 हजार करोड़ रुपये दिए जाएंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नगर निगम चिरमिरी को अग्निशमन वाहन देने की घोषणा की। उन्होंने पशुपालन क्षेत्र को मजबूत करने, देवाडांड़ में पुलिस चौकी स्थापित करने, मनेन्द्रगढ़ के चैनपुर में ऑडिटोरियम निर्माण, नागपुर में उप तहसील कार्यालय खोलने और चिरमिरी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की बात कही।


