85 हजार कीमत के गोल्डन बैरल कैक्टस के अलावा सीजनल फ्लॉवर प्लांट्स की 30 वैरायटी के करीब 5 हजार प्लांट्स इन दिनों भरतपुर में दिखाई दे रहे हैं। इनमें कैक्टस के अलावा भी कई प्रजातियां शामिल है, जिन्हें देखने के लिए प्रदेशभर से लोग यहां पहुंचे हैं। दरअसल जिले के शास्त्री पार्क में फ्लॉवर शो का आयोजन किया गया है। इसमें कई तरह के पेड़, पौधे और कैक्टस की प्रजाति प्रदर्शित की गई है। इसमें सबसे महंगी कैक्टस की प्रजाति गोल्डन बैरल है। इसे खासतौर पर पश्चिम बंगाल से यहां लाए है। हरित बृज सोसायटी कार्यकारिणी सदस्य अरुण कुमार जैन का कहना है कि पिछले चार सालों से हमारी सोसायटी शास्त्री पार्क में फ्लॉवर शो लगा रही है। उद्देश्य है कि भरतपुर के लोगों को पेड़- पौधों से जोड़ा जाए, जिससे लोगों का प्रकृति की तरफ रुझान बढ़े। देश के अलग-अलग कोने से लाये गए पौधे
शास्त्री पार्क में यह चौथा फ्लॉवर शो है, जिसे देखने के लिए स्कूल के बच्चों के अलावा कॉलेज स्टूडेंट्स समेत सभी आयु वर्गों के लोग आ रहे हैं। कैक्टस की 40 सबसे दुर्लभ प्रजाति भी यहां प्रदर्शित की गई है। इनमें ब्लू बैरल, सिल्वर बैरल, ओल्ड मैन, क्रिस्टीटा, ऐस्ट्रोफाइटम सबसे दुर्लभ प्रजाति हैं। यह सभी प्रजाति देश में पाई जाती हैं, लेकिन आसानी से नहीं मिलती है। जो लोग कैक्टस रखने का शौक रखते हैं, यहां उनकी बड़ी संख्या विजिटर्स के रूप में आई हैं। एडेनियम की 35 वैरायटी
एडेनियम पौधे की 35 वैरायटी फ्लॉवर शो में लाई गई हैं। इनमें मुख्य तौर पर पेट्रा, डोल्मा, किमपुट, जुलिया, ग्रीजा, मोनालिसा, ड्रीम एंजिल हैं। इनके साथ विजिटर्स सेल्फी भी ले रहे हैं, क्योंकि यह प्रजातियां आसानी से मिलती नहीं है। इन्हें भी देश के अलग-अलग कोने से यहां लाया गया है। बोगनवेल पौधे की 30 दुर्लभ प्रजाति
बोगनवेल पौधे की 30 विभिन्न प्रजाति के पौधे फ्लॉवर शो में लाए गए हैं। इस पौधे के ऊपर लाल रंग के फूल आते हैं। शो में फोरमोसा, आराधना, बटरकप, व्हाइट स्ट्रिप, ब्लूबेरी आइस, चित्रा वाटिका, थाई डिलाइट हैं। सीजनल के 5 हजार प्लांट लाए गए
सीजनल फ्लॉवर प्लांट की 30 वैरायटी के करीब 5 हजार प्लांट शो में लाए गए हैं। इनमें जरबेरा, कार्नेशन, रैननकुलस, साइक्लामिन, प्राइम रोज, गजनिया, डॉग फ्लावर, जिरेनियम हैं। शो में हर्बल प्लांट भी प्रदर्शित किए गए हैं। इनकी 21 वैरायटी यहां रखी गई है। जबकि किचन गार्डन में सब्जियों के 15 प्रकार के प्लांट, नवग्रह वाटिका के 9 प्लांट, त्रिवेणी के 3 प्लांट, गुलाब की 25 वैरायटी फ्लॉवर शो में लाई गई हैं।


