चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र के शिवाड़ स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में रविवार को दिनदहाड़े हुई दो चोरी की वारदात सामने आई। यहां से चोर लाखों रुपए चुराकर ले गए। जिसके बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बैग में चीरा लगाकर नगदी चुराई रहमानपुरा गांव निवासी शादाब बंजारा बैंक में 1 लाख 34 हजार रुपए जमा करवाने पहुंचे थे। बैंक परिसर में काफी भीड़ थी। इसी दौरान एक महिला ने बड़ी ही शातिराना अंदाज में उनके बैग को नीचे से ब्लेड से काट दिया और पूरी नकदी पार कर दी। जब शादाब काउंटर पर पहुंचे तो बैग कटा हुआ मिला और रकम गायब थी। मेहनत की कमाई यूं चोरी हो जाने से पीड़ित के होश उड़ गए। शादाब ने भावुक होकर बताया कि यह राशि जरूरी काम के लिए जमा करवानी थी, लेकिन कुछ ही पलों में सब खत्म हो गया। जेब से पर्स किया पार इसी तरह बैंक में मौजूद भगवान सहाय गुर्जर भी चोरी का शिकार हो गए। उनकी जेब से पर्स पार कर लिया गया, जिसमें जरूरी दस्तावेज और 3 हजार रुपये नकद थे। उन्होंने कहा कि बैंक जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक है।पूरी वारदात बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज खंगालकर संदिग्ध महिला की पहचान में जुट गई है। आसपास के क्षेत्रों में तलाश जारी है।


