80 से अधिक परिसरों से हटे अवैध बिजली कनेक्शन:13 लाख बकाया, आमापुरा-देवनगर व कुंजविहार-बरड़िया फीडर पर कार्रवाई

बारां शहर में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत निगम ने सख्त अभियान चलाया है। इस दौरान 80 से अधिक परिसरों पर कार्रवाई करते हुए अवैध बिजली कनेक्शन हटाए गए। जांच में इन परिसरों पर लगभग 13 लाख रुपए की बकाया राशि सामने आई। यह अभियान कनिष्ठ अभियंता (शहरी-प्रथम) के अंतर्गत उपकेंद्र बाबजी नगर से जुड़े 11 केवी आमापुरा-देवनगर फीडर और कनिष्ठ अभियंता (शहरी-तृतीय) के अधीन उपकेंद्र नियाना से संचालित कुंजविहार-बरड़िया फीडर पर केंद्रित था। इन फीडरों पर 50 प्रतिशत से अधिक लाइन लॉस दर्ज किया जा रहा था, जिसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर यह विशेष जांच की गई। बिजली निगम बारां शहर के सहायक अभियंता (एईएन) कुलदीप सिंह ने बताया कि जिन परिसरों में बकाया राशि होने के बावजूद अवैध रूप से कनेक्शन जोड़कर बिजली का उपयोग किया जा रहा था, वहां से तार हटाकर आपूर्ति बंद कर दी गई है। संबंधित उपभोक्ताओं को वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करने की सलाह दी गई। इस कार्रवाई में कनिष्ठ अभियंता विभा चौहान, अजय नरुका और एफआरटी टीम सहित कई कर्मचारी शामिल थे। निगम ने यह भी संदेश दिया कि बिजली की बचत ही ऊर्जा संरक्षण और भविष्य की सुरक्षा है। निगम ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे फीडरों पर नियमित निगरानी रखी जाएगी और बिजली चोरी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *