होली के त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने राहत दी है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने संतरागाछी से अजमेर के बीच चल रही साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि में पांच अतिरिक्त ट्रिप बढ़ाने का फैसला किया है। यह फैसला खास तौर पर उन यात्रियों को ध्यान में रखकर लिया गया है जो होली के मौके पर अपने घर जाने या परिवार से मिलने के लिए यात्रा करते हैं। त्योहार के समय ट्रेनों में काफी भीड़ हो जाती है और लोगों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाती, ऐसे में यह अतिरिक्त ट्रिप यात्रियों के लिए फायदेमंद साबित होंगे। 5 ट्रिप एक्स्ट्रा चलेगी उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 08611/08612, उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा संचालित संतरागाछी-अजमेर साप्ताहिक स्पेशल की अवधि बढ़ाई जा रही है। यह ट्रेन संतरागाछी से 2 मार्च से 30 मार्च तक कुल 5 ट्रिप अतिरिक्त चलेगी। वहीं अजमेर से यह ट्रेन 5 मार्च से 2 अप्रैल तक 5 अतिरिक्त ट्रिप लगाएगी। उन्होंने बताया कि ट्रेन का समय और सभी स्टेशनों पर ठहराव पहले की तरह ही रहेगा। यानी यात्रियों को समय या रूट में किसी बदलाव की चिंता करने की जरूरत नहीं है। चित्तौड़गढ़ क्षेत्र के यात्रियों को भी लाभ यह स्पेशल ट्रेन चित्तौड़गढ़ शहर के चंदेरिया स्टेशन से होकर गुजरती है, जिससे जिले के यात्रियों को भी सीधा फायदा मिलेगा। त्योहार के समय बड़ी संख्या में लोग काम या पढ़ाई के सिलसिले में बाहर से अपने घर लौटते हैं। ऐसे में चंदेरिया स्टेशन से गुजरने वाली इस ट्रेन के अतिरिक्त ट्रिप बढ़ने से स्थानीय यात्रियों को भी राहत मिलेगी। उन्हें अब लंबी वेटिंग लिस्ट या टिकट की परेशानी से कुछ हद तक छुटकारा मिल सकेगा। त्योहार पर भीड़ कम करने की तैयारी रेलवे हर साल होली, दीपावली और अन्य बड़े त्योहारों पर अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन करता है ताकि यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा मिल सके। इस बार भी होली को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। अतिरिक्त ट्रिप से ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल पाएगी।


