राजनांदगांव में शहर के समस्त जैन संप्रदायों की शीर्ष संस्था ‘सकल जैन श्री संघ’ को नया नेतृत्व मिल गया है। श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथ सभा के अध्यक्ष विनय डढढा को सर्वसम्मति से सकल जैन श्री संघ का नया अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उनके नेतृत्व में आगामी दो वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया है। यह निर्णय 14 फरवरी को सदर बाजार स्थित जैन स्थानक भवन में आयोजित एक संयुक्त बैठक में लिया गया। इस बैठक में राजनांदगांव के चारों प्रमुख जैन संघों के अध्यक्षों और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया। इनमें श्री जैन श्वेतांबर मूर्ति पूजक संघ के अध्यक्ष अजय सिंघी, श्री वर्धमान स्थानकवासी संघ के अध्यक्ष खुशालचंद पारख और श्री दिगंबर जैन पंचायत के अध्यक्ष अशोक झांझरी प्रमुख रूप से उपस्थित थे। समाज की एकजुटता और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा के बाद विनय डढढा के नाम पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई। नई कार्यकारिणी में इन्हें मिली जगह अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने के तुरंत बाद, नवनियुक्त अध्यक्ष विनय डढढा ने वरिष्ठों से परामर्श कर अपनी नई टीम की घोषणा की। इस कार्यकारिणी में समाज के सभी धड़ों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। अशोक झांझरी (अध्यक्ष, श्री दिगंबर जैन पंचायत) को उपाध्यक्ष, अजय सिंघी (प्रमुख ट्रस्टी, श्री जैन श्वेतांबर मूर्ति पूजक संघ) को सचिव और खुशालचंद पारख (अध्यक्ष, श्री वर्धमान स्थानकवासी संघ) को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। विनय डढढा के अध्यक्ष बनने और नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद विभिन्न व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और परिजनों ने नई टीम को शुभकामनाएं दी हैं। नवनियुक्त अध्यक्ष विनय डढढा ने कहा, “सभी संघों के सहयोग से समाज को और अधिक संगठित करना और सेवा कार्यों को गति देना ही हमारी प्राथमिकता होगी।”


