विधायक शर्मा ने उठाया मॉडल स्कूल का मामला:शिक्षा मंत्री के ‘कुत्ते काट सकते हैं’ बयान पर आपत्ति जताई, मांगी आर्थिक सहायता

बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने विधानसभा में स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल बरूधन का मुद्दा स्थगन प्रस्ताव के माध्यम से उठाया। उन्होंने सदन को बताया कि इस घटना सहित कोटा संभाग में 480 से अधिक ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिनका शीघ्र समाधान आवश्यक है। विधायक शर्मा ने मॉडल स्कूल बरूधन की 9 वर्षीय छात्रा तृप्ति सेन को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। विधायक शर्मा ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बूंदी दौरे के दौरान दिए गए एक बयान पर चिंता व्यक्त की। मंत्री ने कहा था, “डॉग्स तो किसी को भी काट सकते हैं।” शर्मा ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री को दुर्घटनाग्रस्त 9 वर्षीय बालिका तृप्ति सेन और उसके परिवार से मिलकर कुशलक्षेम पूछना चाहिए था और सहायता करनी चाहिए थी, न कि ऐसा वक्तव्य देना। शर्मा ने शिक्षा मंत्री से अनुरोध किया कि वे ऐसे बयान देने के बजाय परिवारजनों से मिलें, उनकी सहायता करें और इस समस्या के शीघ्र समाधान के लिए कार्य योजना बनाएं। विधायक हरिमोहन शर्मा ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर द्वारा बूंदी दौरे के दौरान की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस का भी जवाब दिया। शर्मा ने आरोप लगाया कि मंत्री ने बजट का ठीक से अध्ययन नहीं किया है। उन्होंने बताया कि बूंदी के लिए बजट में घोषित 100 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य हुडको के लोन प्लान के तहत पूर्व में बनाई गई कार्य सूची का हिस्सा हैं। ये कार्य लोन लेकर करवाए जाएंगे, जिसका कर्ज बूंदी की जनता को चुकाना होगा। शर्मा ने बूंदी की लगातार उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि मिनी सचिवालय की स्थापना का झूठा आश्वासन दिया गया है और न तो यूआईटी की स्थापना हुई है और न ही केडीए से मुक्ति मिली है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *