प्रतापगढ़ में 58 लाख की ड्रग्स जब्त, 6 गिरफ्तार:288 ग्राम ब्राउनशुगर, 12 ग्राम एमडी और 49,500 रुपए बरामद

प्रतापगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 58 लाख रुपए की ड्रग्स जब्त की है। कोटड़ी थाना पुलिस ने 288 ग्राम ब्राउनशुगर और 12 ग्राम एमडी के साथ 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस दौरान दो बाइक और 49,500 रुपए नकद भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक चंद्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में की गई। कोटड़ी थानाधिकारी रोहित कुमार अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। गश्त के दौरान मगराबावजी जाने वाले कच्चे रास्ते पर पुलिस को दो बाइक खड़ी मिलीं। पास ही मोबाइल की रोशनी में छह व्यक्ति बैठे हुए थे। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्तियों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उनकी पहचान वनपुरा कोटड़ी निवासी शाहिद उर्फ साया (21), सूरज (20) और दिलीप (27) के रूप में हुई। अन्य तीन आरोपी रवि (22), राजहंस उर्फ कालू उर्फ नोनी (18) और उज्जवल (19) मध्य प्रदेश के झाबुआ के निवासी हैं। तलाशी के दौरान शाहिद उर्फ साया के पास से 12 ग्राम एमडी और 288 ग्राम ब्राउनशुगर बरामद हुई। शाहिद से पूछताछ में अन्य आरोपियों ने बताया कि वे उससे एमडी और ब्राउनशुगर खरीदने आए थे। पुलिस ने सूरज कीर, दिलीप कीर, रवि हरिजन, राजहंस उर्फ कालू उर्फ नोनी वसुनिया और उज्जवल परमार के पास से कुल 49,500 रुपए बरामद किए। अवैध मादक पदार्थ और दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया गया है। सभी छह अभियुक्तों के खिलाफ कोटड़ी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *