सीकर में रेलवे बाउंड्री निर्माण को लेकर शहरवासियों ने रेलवे पर भेदभाव का आरोप लगाया है। शहरवासियो ने रेलवे क्रॉसिंग 1 व 2 के बीच बन रही रेलवे बाउंड्री के लिए ट्रैक के दोनों तरफ बराबर जमीन लिए जाने की मांग की है। जिला कलेक्टर को दिए ज्ञापन में लिखा है कि ट्रैक के एक तरफ 30-35 फीट जगह ली जा रही है, जबकि एक साइड 105-125 फीट जगह ली जा रही है।
आज राधाकिशनपुरा इलाके के निवासियों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला ने पहले वार्डवासियों से संवाद किया और मौका स्थिति का अवलोकन किया। वार्डवासियों ने अवगत कराया कि रेलवे अधिकारियों ने पहले 105 – 125 फीट की दूरी पर मार्किंग की थी। इसके बाद रेलवे ने 80 – 85 फीट के बीच दोबारा मार्किंग की गई है। वहीं, दूसरी ओर फाटक नंबर 1 से 2 के बीच ट्रैक की दूसरी साइड लगभग 30 से 35 फीट की दूरी पर ही बाउंड्री बनाई गई है।
ऐसी स्थिति में एक ही स्थान पर दोनों साइड अलग-अलग पैमाना अपनाना न्यायसंगत नहीं है। बार-बार मार्किंग में बदलाव करना क्षेत्रवासियों के साथ अन्याय व भेदभावपूर्ण कार्यवाही प्रतीत होती है, जिससे आमजन में भारी रोष व्याप्त है। प्रभावित लोगों ने ज्ञापन देकर मौके की निष्पक्ष व पारदर्शी नाप-जोख करवाने, ट्रैक के दोनों साइड समान दूरी पर रेलवे बाउंड्री बनाने और निष्पक्ष जांच पूरी होने तक तक निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है।


