वर्ल्डकप में भारत–पाकिस्तान टी-20 क्रिकेट मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित करने के मामले में मोहन नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब ₹2.62 लाख मूल्य की सामग्री जब्त की है, जिसमें नकदी, 17 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप शामिल है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। 16 फरवरी को मोहन नगर थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्रीन चौक स्थित एक मकान में भारत–पाकिस्तान क्रिकेट मैच पर अवैध रूप से ऑनलाइन सट्टा लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मकान पर दबिश दी। मकान में बैठकर कर रहे थे हिसाब-किताब
दबिश के दौरान मकान में मौजूद लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तलाशी में सामने आया कि आरोपी मोबाइल फोन और लैपटॉप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालन कर रहे थे और मैच के दौरान लगातार हिसाब-किताब किया जा रहा था। 5 आरोपी को किया गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेन्द्र सुलाखे उर्फ मोनू, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्रीन चौक, दुर्ग, अंकित सोनी, उम्र 29 वर्ष, निवासी अहमद नगर कैम्प- 1, थाना छावनी, भिलाई, चन्द्रप्रकाश पजेल उर्फ सोनू, उम्र 29 वर्ष, निवासी मरारपारा, दुर्, राजा सोनकर, उम्र 34 वर्ष, निवासी शिवपारा, दुर्ग, डोमन पटेल, उम्र 28 वर्ष, निवासी मरारपारा, दुर्ग के रूप में हुई है। कुल 2.62 लाख का माल जब्त किया
पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन और ₹1.34 लाख नकद जब्त किया है। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग ₹2.62 लाख आंकी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी क्रिकेट मैच के दौरान आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से अवैध ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे।


