पत्नी और भाई की हत्या के आरोप में जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मामला प्रतापगढ़ जिला जेल में सुबह 11:15 बजे का है। जिला जेल अधीक्षक सौरभ स्वामी ने बताया-सोमवार की सुबह 11:15 पर सभी कैदियों की गिनती की जा रही थी। इस दौरान गिनती में एक कैदी कम आया। जांच में पता चला कि विचाराधीन कैदी प्रेमचंद मीणा गायब है। इस पर जेल में तलाशी शुरू की गई। इस दौरान जेल परिसर के बाथरूम में प्रेमचंद मीणा कंबल के फंदे से लटका हुआ मिला। उसे तुरंत नीचे उतारकर प्रतापगढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अगस्त 2025 में आरोपी को किया था गिरफ्तार
सौरभ स्वामी ने बताया- अगस्त 2025 में बिलड़ीखेड़ा गांव (थाना धमोत्तर) में प्रेमचंद मीणा को अपनी पत्नी और भाई की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस रिमांड पूरा होने के बाद वह न्यायिक अभिरक्षा में जेल में था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कैदी पिछले कुछ समय से मानसिक अवसाद से जूझ रहा था। घटना की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी गई। मौके पर एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब) टीम पहुंची, जिसने बाथरूम, फंदे और आसपास के क्षेत्र की जांच कर सैंपल जुटाए। आत्महत्या किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही हुई है या नहीं, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। जेल विभाग के डीआईजी ने किया निरीक्षण
घटना की जानकारी के बाद जेल विभाग के डीआईजी राजेंद्र कुमार तुरंत प्रतापगढ़ पहुंचे। उन्होंने जिला जेल में अधिकारियों से बातचीत की और घटना स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की। प्रतापगढ़ नगर परिषद की मदद से हुआ अंतिम संस्कार
जिला जेल अधीक्षक सौरभ स्वामी ने बताया ने बताया कि परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद जिला अस्पताल में न्यायिक अधिकारी प्रेक्षा झुंझुनवाला की मौजूदगी में मृतक कैदी का पोस्टमार्टम करवाया गया। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद शव का परिजनों की मौजूदगी में नगर परिषद प्रतापगढ़ की सहायता से अंतिम संस्कार किया गया। … घटना से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें कुल्हाड़ी से पत्नी और बड़े भाई को काटा:हत्या के बाद हथियार लेकर गांव में घूमता रहा आरोपी, भतीजे पर भी किया हमला प्रतापगढ़ में युवक ने पत्नी और बड़े भाई की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। आरोपी ने दोनों की गर्दन पर तब वार किया, जब वे सो रहे थे। युवक ने कुल्हाड़ी से हमला कर भतीजे को भी घायल कर दिया। हत्या के बाद आरोपी कुल्हाड़ी लेकर गांव में घूमता रहा। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। (पढ़ें पूरी खबर)


