रायपुर के कारोबारी से 2 करोड़ ठगने वाला गिरफ्तार:तंजानिया में सोने की खदान दिलाने का झांसा देकर लिए पैसे, विदेश भागते समय ठग मुंबई से हिरासत में

तंजानिया में सोने की खदान दिलाने के नाम पर रायपुर के कारोबारी से 2 करोड़ की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय ठग को रायपुर पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से हिरासत में लिया है। आरोपी ठग का नाम यश राजेश शाह बताया जा रहा है। आरोपी वियतनाम फरार होने की फिराक में एयरपोर्ट पहुंचा था, उस दौरान पुलिस ने हिरासत में लिया। आरोपी ने रायपुर के कारोबारी समर्थ बरडिया और मुकुल चोपड़ा को झांसे में लेकर ठगी की थी। आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला रायपुर निवासी कारोबारी समर्थ बरडिया ने पुलिस को बताया कि, वो सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मोती बाग इलाके में रहता है। 2024 में ऑनलाइन यश शाह ने उससे संपर्क किया था। यश शाह ने खुद को तंजानिया स्थित सोना खदान का संचालक बताया। खदान में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी का ऑफर देकर 1 करोड़ 90 लाख रुपए निवेश कराए। मार्च 2024 में यश शाह रायपुर आया। उन्होंने समर्थ बरडिया और मुकुल चोपड़ा को तंजानिया ले जाकर खदान दिखाई। यश शाह ने एसकेएम बुलियन ट्रेडिंग लिमिटेड नामक फर्म के माध्यम से उन्हें खदान में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी दिलाने का प्रस्ताव रखा। विश्वास दिलाकर उन्होंने 1 करोड़ 6 लाख रुपए अपने बैंक अकाउंट और फर्म के खाते में जमा कराए। इस दौरान यश शाह ने खदान का परिचालन, तंजानिया में खनन अधिकार और निवेश राशि का विवरण झूठे दस्तावेजों के साथ पेश किया। निवेश राशि जमा होने के बाद यश शाह का व्यवहार बदल गया और फर्म के संचालन संबंधी जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया। जब जांच की तो पता चला कि यश शाह के पास किसी भी खदान में खनन अधिकार नहीं है और उन्होंने झूठे दस्तावेज तैयार कर ठगी की। बरडिया ने अपनी शिकायत में कहा कि, यश शाह ने जानबूझकर षड्यंत्र रचकर धोखाधड़ी और जालसाजी की। जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यश शाह ने फर्जी भागीदारी एग्रीमेंट और दस्तावेजों के माध्यम से उन्हें ठगा। सिविल लाइन पुलिस कर रही थी जांच पीड़ित कारोबारियों ने आरोपियों की शिकायत 22 जनवरी की थी। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की थी। पुलिस को मुंबई एयरपोर्ट पर यश के पहुंचने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस ने आरोपी को वहां से हिरासत में लिया है। आरोपी के साथी अब्दुल्लाह किलियावापे न्वुजे की जानकारी पुलिस जुटा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *