झारखंड के गुमला में बुधवार को एक महिला की लाश आम के पेड़ से लटकी मिली। घटना सदर थाना क्षेत्र के जोराग मटुकडीह गांव की है। महिला रात 2 बजे से घर से गायब थी। मृतका की पहचान 28 वर्षीय हिनो देवी के रूप में की गई है। पुलिस को ग्रामीणों से सूचना मिली। एसआई बिनय कुमार महतो ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतका के पति संतोष खड़िया ने बताया कि वह कल गुमला बाजार से पत्नी के साथ लौटे थे। बाड़ी में पटवन करने के बाद सभी लोग खाना खाकर सो गए। रात करीब 2 बजे जब संतोष की नींद खुली, तो उनकी पत्नी घर में नहीं थी। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चला। अगली सुबह रजवा डांड की तरफ मवेशी चराने गए ग्रामीणों ने महिला का शव पेड़ पर लटका देखा और सूचना दी।पुलिस को प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


