कंचे उछलकर छतों पर गिरे, लोग समझे-पत्थर बरसाए:अजमेर में बच्चों का झगड़ा बना बवाल की वजह; गाली-गलौज के बाद दो गुट भिड़े, मारपीट-पत्थरबाजी

अजमेर में अरावली की पहाड़ी पर बसा लौंगिया मोहल्ला…सोमवार रात यहां 2 बजे तक जमकर बवाल हुआ। 50 से ज्यादा लोग एक-दूसरे के जानी दुश्मन बन बैठे। मारपीट हुई, लाठियों और पत्थरों से हमला बोल दिया। तनाव इतना बढ़ गया कि 9 थानों की पुलिस तैनात करनी पड़ी। भास्कर टीम पड़ताल करने पहुंची तो सामने आया कि 7-8 बच्चों में कंचे खेलने को लेकर मामूली सा झगड़ा हुआ था। एक ने गुस्से में आकर मुट्ठी में भरे कंचे छीनकर फेंक दिए, जो पहाड़ी की ढलान पर बने मकानों की छतों पर जा गिरे। कंचे गिरते ही लोगों ने समझा ऊपर की गली वाले पत्थर फेंक रहे हैं। इस बात ने तूल पकड़ा और झगड़े में 5 लोगों के सिर तक फोड़ दिए गए। मोहल्ले से लेकर थाने तक रातभर विवाद चलता रहा। आखिर बच्चों के खेल-खेल में झगड़े की बात दो पक्षों के बीच इतना बड़ा तनाव की वजह कैसे बन गई? पढ़िए- पूरी रिपोर्ट सिलसिलेवार पढ़िए- क्यों एक-दूसरे से भिड़ गए थे लोग… सोमवार रात को हुआ क्या था?
लौंगिया मोहल्ला, अजमेर के गंज थाना इलाके में आता है। इस झगड़े की शुरुआत कैसे हुई, इसकी पड़ताल करने के लिए हम बस्ती की गली नंबर- 6 में पहुंचे। यहीं पर झगड़ा शुरू हुआ था। रात को दोनों पक्षों में ऐसी झड़प हुई कि उसके निशान अभी भी साफ नजर आ रहे थे। गली और घरों की छत पर पत्थर बिखरे पड़े थे, जो लोगों ने एक-दूसरे पर फेंके। पत्थरबाजी में जहां-जहां खून फैला, वहां एफएसएल की टीम सबूत इकट्‌ठा कर रही थी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात थी। गली अरावली की पहाड़ियों की ढलान पर है। सभी मकान भी पहाड़ी की ढलान पर ही बने हुए हैं। जिन दोनों ही पक्षों के बीच झगड़ा हुआ, उनमें एक गली नंबर-6 में ही रहता है, दूसरा पक्ष उससे नीचे वाली गलियों में। लोग बोले- बच्चों ने कंचे उछाले, दूसरे गुट को लगा पत्थर बरसाए
हमारी बात गली नंबर-6 की निवासी महिला शबाना से हुई। उन्होंने बताया कि रात के करीब 8 बजे होंगे। मोहल्ले के 7-8 बचों का एक ग्रुप खेल रहा था। ग्रुप में दोनों ही पक्ष के बच्चे खेल रहे थे। बच्चों की उम्र 12 से 14 साल की होगी। खेल-खेल में बच्चों के बीच ही कंचों की संख्या को लेकर कहासुनी हो गई। आपस में झगड़ने लगे। इसी दौरान किसी बच्चे ने दूसरे बच्चे के हाथ के कंचे उछाल दिए। लोगों के मकान पहाड़ी की ढलान पर बने हुए हैं। कंचे उछलते ही पहाड़ी के नीचे के घरों पर गिर गए होंगे। ढलान के नीचे रह रहे लोगों को अपने घरों पर ऊपर की बस्ती में रहने वाले लोगों की ओर से पत्थर फेंकने का आभास हुआ। इसके बाद कुछ लोग ऊपर गली नंबर 6 में झगड़ा करने पहुंच गए। शबाना ने बताया कि बच्चों के हाथ से कंचे उछलकर नीचे लोगों पर भी गिरे थे। इसके बाद लोग झगड़े पर उतारू हो गए। समझाया सभी के बच्चे खेलते हैं। इसमें झगड़ा नहीं करना चाहिए, लेकिन लोग नहीं माने। पहले दोनों पक्षों के बीच गाली गलौज हुई। उसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। इस झड़प में 5 लोग घायल हो गए। वहीं भारती ने बताया कि झगड़ा तो असल में बच्चों के बीच ही हुआ था। इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने अपशब्द कहना शुरू कर दिया। तभी 30 से 40 लोगों ने परिवार पर हमला कर दिया। परिवार के कई लोगों के चोट आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हमला करने वाले हाथ में तलवार, धारदार हथियार, लकड़ी, हॉकी और पत्थर लेकर आए थे। संकरे और ढलानदार रास्ते से लोग ज्यादा घायल
पुलिस ने बताया कि गली नंबर 6 के जिस मोड़ पर दोनों पक्षों के बीच तकरार हुई थी। वह पूरा रास्ता ढलान पर है। लोग उस ढलान को पार कर ऊपर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान हाथा-पाई में कई लोग ढलान से नीचे लुढ़क कर भी घायल हुए हैं। मौके पर सुरक्षा का जायजा ले रहे दरगाह शहर के डीएसपी लक्ष्मण राम भाकर ने बताया कि मामूली सी बात पर दोनों पक्षों के 50 से ज्यादा लोग जमा हो गए थे। एक-दूसरे पर हमला बोला। सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। बाद में माहौल को देखते हुए 9 थानों की पुलिस को लगाया गया। पुलिस गाड़ियों के पीछे भागे
डीएसपी लक्ष्मण राम भाकर ने बताया कि कुछ लोगों ने पुलिस के साथ मारपीट करने की अफवाह फैलाई थी। पुलिस जाप्ता रात को मौके पर पहुंच गया था। वहां माहौल खराब कर रहे काफी लोगों को हिरासत में लिया था। जिस समय पुलिस गाड़ियां हिरासत में लिए लोगों को लेकर थाने आ रही थी तो काफी युवक गाड़ियों का पीछा कर रहे थे। जिन्हें पुलिस ने खदेड़ा था। रात को 2 बजे तक चला उपद्रव
मंगलवार सुबह से ही अजमेर में दोनों पक्षों में हुई उपद्रव का माहौल गर्माया हुआ था। दोनों ही पक्ष अपने-अपने स्तर पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। जहां एक पक्ष ने देर रात को ही अपना मामला दर्ज करवा दिया था। वहीं, दूसरा पक्ष भी घायल हुए महिला पुरुषों के साथ गंज थाने पहुंचा था। इधर, इस मामले को लेकर रेंज आईजी, जिला कलेक्टर-एसपी को भी ज्ञापन सौंपे गए हैं। लोग बोले- जो झगड़े में शामिल नहीं, वे हिरासत में
भास्कर टीम ने दोनों ही पक्षों के लोगों से बात करने की कोशिश की। लोगों ने कहा कि आधे से ज्यादा लोगों को तो इस विवाद के बारे में पता भी नहीं कि झगड़ा किस बात पर शुरू हुआ। यह झगड़ा एक-दो लोगों का ही था, लेकिन कई परिवार तो यूं ही चपेट में आ गए। शबाना और एक अन्य स्थानीय निवासी अनवरी ने आरोप लगाया कि मोहल्ले के जो लोग रात को काम से लौटे थे, उन्हें घर से उठाकर ले गए। हमारा घर तो झगड़े वाली जगह से भी ऊपर है। हमारे परिवार के लोगों को भी उठाकर ले गए। रात को 8 बजे झगड़ा शुरू हुआ था जो रात को 2 बजे तक चल रहा था। पहले भी कई बार हो चुका है विवाद
गंज थानाधिकारी महावीर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने रात को ही पूरे मोहल्ले में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर रखा है। दोनों ही पक्षों के बीच बच्चों के झगड़े को लेकर विवाद हुआ था। मौंगिया मोहल्ले की पहाड़ी पर रहने वाले दोनों पक्षों को बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। …. झगड़े से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें- अजमेर में बच्चों के कंचा खेलने के विवाद में तलवारबाजी:पत्थरों से भी एक-दूसरे पर हमला, थाने पहुंची भीड़ पर डंडे बरसाए, 8 लोग घायल अजमेर में बच्चों के कंचे खेलने में हुई विवाद के बाद दो पक्ष भिड़ गए। आरोप है कि दोनों ओर से पत्थरबाजी और लाठी से हमला हुआ। मौके पर पहुंची गंज थाना पुलिस ने लोगों को समझाइश का प्रयास किया…(CLICK कर पूरा पढ़ें)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *