अनूपपुर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर फुलवारीटोला के पास एक तेज रफ्तार कार और कोयले से लदे ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया, वहीं ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने कार में फंसे घायलों की चीख-पुकार सुनकर उन्हें बाहर निकाला और तुरंत सीएचसी कोतमा अस्पताल पहुंचाया। दो युवतियां और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल घायलों में छत्तीसगढ़ के रुमगा की रहने वाली दो युवतियां, स्नेहा पुरी (20 वर्ष) और चंदा पुरी पनिका (20 वर्ष) शामिल हैं। हादसे में चंदा पुरी के दोनों पैर टूट गए हैं। कार चालक सागर गुप्ता (27 वर्ष) की हालत बहुत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु जानकारी के अनुसार, कार में सवार लोग महेंद्रगढ़ से दर्शन करके गौरेला की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे कोयले के ट्रेलर से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। रामनगर थाना प्रभारी सुमित कौशिक ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


