मुंगेली जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई की है। लोरमी विकासखंड के ग्राम राम्हेपुर में मुख्य नहर के पास से विभाग ने 135 लीटर देशी मदिरा जब्त की है। इसके साथ ही एक मारुति सुजुकी अल्टो 800 कार भी जब्त की गई है। कलेक्टर राहुल देव और एसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी विभाग के सहायक आयुक्त राजेश जायसवाल के अनुसार, दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी हितकर सिंह और चंद्रकुमार ध्रुवे के खिलाफ आबकारी अधिनियम की गैर जमानती धारा में प्रकरण दर्ज किया गया है। कार्रवाई में आबकारी वृत्त लोरमी प्रभारी जयसिंह मरकाम, पथरिया प्रभारी उम्मी रूमा और मुंगेली प्रभारी विशेन चंद्रवंशी शामिल थे। इनके साथ स्टाफ रामसनेही यादव और अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।


