भरतपुर। शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए नगर निगम ने सोमवार को बड़ा सफाई अभियान चलाया, जिसका असर कुछ ही घंटों में दिखने लगा। निगम की टीम ने ऐतिहासिक कच्चा कुंडा में महीनों से जमा गंदगी और मलबे को साफ किया। सुबह-सवेरे बड़ी संख्या में सफाईकर्मी मौके पर पहुंचे और मशीनों व श्रम बल की मदद से कुंड की सफाई शुरू की। अभियान के दौरान कुंड में जमा प्लास्टिक, कचरा और गंदगी को बाहर निकाला गया। नगर निगम आयुक्त श्रवण कुमार ने बताया कि कच्चे कुंडा क्षेत्र को स्थायी रूप से साफ रखने के लिए नियमित निगरानी की भी व्यवस्था की जाएगी। सफाई के बाद कुंड का स्वरूप पूरी तरह बदल गया और क्षेत्र साफ व व्यवस्थित नजर आने लगा। स्थानीय निवासियों ने भी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय बाद यहां इतनी प्रभावी कार्रवाई देखने को मिली है।


