भास्कर न्यूज | भरतपुर उत्तरी हवाओं का असर अब कमजोर हो गया है और पश्चिमी हवाएं प्रबल हो गई हैं। इस कारण मौसम से नमी घटने लगी है। इससे बादल छंटने के साथ ही तापमान ने रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन में पहली बार 31 डिग्री के पार पहुंचा है। दिन में धूप में चुभन रही और लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। हालांकि रात के तापमान में भी 0.9 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे रात में अब रजाई नहीं सुहा रही है। मच्छर प्रभावी हो गए हैं। इस कारण कुछ लोग पंखा भी चलाने लगे हैं। यद्यपि अभी सुबह हल्की ठंडक कायम है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में रात का पारा भी बढ़ने लगेगा। सोमवार को आसमान साफ रहा। सोमवार को न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवाओं का रुख बदला और पश्चिमी हवाएं चलने लगीं। धूप सीधे पड़ने से तापमान तेजी से बढ़ा है। 18 से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, तापमान बढ़ेगा… आजकल में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके कारण तापमान बढ़ने लगेगा। मौसम विशेषज्ञ आरबी गुप्ता ने बताया कि अभी तक हवाएं उत्तरी चल रही थीं, लेकिन सोमवार से हवाएं पश्चिम या दक्षिण हो जाएंगी। इसके चलते जो अभी तक नमी आ रही थी वह बंद हो जाएगी जिसके कारण तापमान बढ़ने लगेगा। सोमवार को हवा की गति 1.9 किलोमीटर प्रतिघंटा और आर्द्रता 80.6 प्रतिशत दर्ज की गई।


