छतरपुर चोरी केस में दो और अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार:10 लाख के जेवर बरामद, आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई गंभीर मामले

छतरपुर जिले में सिविल लाइन थाना क्षेत्र की चौबे कॉलोनी में एसबीएन कॉलेज के पीछे रहने वाले महेंद्र अरजरिया के घर अप्रैल माह में चोरी हुई थी। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता के तहत चोरी का मामला दर्ज किया गया था। इस चोरी के मामले में पुलिस ने पहले दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें हमीरपुर जिले के मौदहा निवासी जगदीश सोनी और वीरेंद्र कुमार अनुरागी शामिल थे। उनके पास से लगभग 4 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए थे। अब पुलिस टीम ने सोमवार को इस चोरी में शामिल दो और अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान महोबा जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के तिदौली गांव निवासी इंद्र उर्फ इंदल राजपूत और कबरई थाना क्षेत्र के बधवा गांव निवासी रामबाबू उर्फ बाबू अहिरवार के रूप में हुई है। 10 लाख रुपए के आभूषण भी बरामद
गिरफ्तार किए गए इन आरोपियों के पास से लगभग 10 लाख रुपए के चोरी के आभूषण बरामद हुए हैं। इनमें हार, चूड़ियां, चूरा, मंगलसूत्र, टॉप्स, छल्ले, कीलें, अंगूठियां और पायल शामिल हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, इंद्र उर्फ इंदल राजपूत पर लूट, गैंगस्टर, बलवा और अवैध हथियार जैसे 9 मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं, रामबाबू अहिरवार चोरी, गैंगस्टर, अवैध हथियार और एनडीपीएस जैसे 10 अपराधों में लिप्त रहा है। कार्रवाई में सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह, साइबर प्रभारी उप निरीक्षक नेहा गुर्जर, उपनिरीक्षक जितेंद्र सोनी, उप निरीक्षक अजय शाक्य, सहायक उप निरीक्षक सीताराम, प्रधान आरक्षक राजू वर्मा, उमेश तिवारी, आरक्षक धीरेंद्र, धर्मेंद्र चतुर्वेदी, हरेंद्र, पवन और साइबर टीम से विजय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *