मंदसौर में शराब दुकान पर अधिक दाम वसूलने का आरोप:ग्राहक ने शिकायत की, कर्मचारी ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया

मंदसौर जिले के पिपलियामंडी क्षेत्र में प्रिंट रेट से अधिक कीमत पर शराब बेचने का मामला सामने आया है। कृषि उपज मंडी के पास स्थित एक वाइन शॉप पर निर्धारित मूल्य से ज्यादा राशि वसूलने को लेकर रविवार देर रात विवाद की स्थिति बन गई, जिसका वीडियो सोमवार को सामने आया। जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 11:15 बजे ग्राम सुपड़ा निवासी 31 वर्षीय शैलेन्द्र सिंह झाला अपने साथियों के साथ शराब दुकान पर पहुंचे। उन्होंने एमडी व्हिस्की का एक क्वार्टर खरीदा, जिस पर न्यूनतम 174 रुपए और अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) 201 रुपए अंकित था। 201 की जगह वसूले 210 रुपए
आरोप है कि दुकान कर्मचारी ने क्वार्टर के बदले 210 रुपए वसूल किए। जब शैलेन्द्र सिंह ने प्रिंट रेट से अधिक राशि लेने पर आपत्ति जताई तो कर्मचारी से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विरोध करने पर कर्मचारी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा, “लेना हो तो लो, नहीं तो यहां से जाओ।” विवाद बढ़ने पर फरियादी ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस के पहुंचने पर आवेदक ने ऑनलाइन पेमेंट की हिस्ट्री दिखाते हुए अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद संबंधित पक्ष पुलिस चौकी पहुंचा और लिखित आवेदन दिया। लाइसेंसी की मौजूदगी पर भी उठे सवाल
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के समय दुकान का लाइसेंसी भी मौके पर मौजूद था, लेकिन उसने मामले में कोई हस्तक्षेप नहीं किया। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं से प्रिंट रेट से अधिक वसूली पर रोक लगाई जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। आबकारी अधिकारी बोले- कार्रवाई होगी
इस संबंध में सोमवार देर शाम जिला आबकारी अधिकारी रामहंस पचौरी ने बताया कि उन्हें फिलहाल इस मामले की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। यदि पीड़ित या पुलिस की ओर से शिकायत प्राप्त होती है तो नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *